- लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुमार लवली ने किया ऐलान
लुधियाना (संजय मिका,विशाल)- आजाद समाज पार्टी अब सुखदेव सिंह ढींढसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन में नहीं रहेगी। यह ऐलान आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुमार लवली द्वारा आज लुधियाना की ईसा नगरी पुली के निकट एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया गया।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, राजीव कुमार लवली ने कहा कि सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाली शिरोमणि अकाली दल संयुक्त ने भारतीय जनता पार्टी और कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पंजाब लोक कांग्रेस के साथ जाकर तीसरे मोर्चे के गठबंधन की मर्यादा को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक फिरकापरस्त व पूंजीपतियों की समर्थक पार्टी है, जिसने तीन खेती कानून लाकर किसान विरोधी काम किया और कृषि आंदोलन के दौरान 700 से अधिक बेकसूर जाने गईं। हालांकि भविष्य में किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि इस बार एक केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा।इस दौरान अन्य के अलावा, पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट इंद्रजीत सिंह, आईयूएमएल के राष्ट्रीय सचिव मकसूद उल हक, आजाद समाज पार्टी के दोआबा जोन इंचार्ज राम सिंह बोलीना, नवांशहर और रोपड़ के इंचार्ज कृष्ण लाल, लुधियाना भीम आर्मी के प्रधान रवि राव प्रधान जालंधर शहरी सतनाम बंबनीवाल, कपूरथला के प्रधान सुखदेव, रायकोट ब्लाक के प्रधान बलजीत सिंह, एडवोकेट राहुल सिंह, बहाल सिंह हलका इंचार्ज फतेहगढ़ साहिब, रमेश मल्ल काराबारा, वेदांत भी मौजूद रहे।